फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शार्प शूटरों ने मारी थीं रवि को नौ गोली

Sun, 21 Feb 2016 09:38 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
बहुचर्चित गांधी ग्रुप के सदस्य और गांव ख्वाजके के पूर्व सरपंच रवि ख्वाजके की हत्या शार्प शूटरों ने की थी। शार्प शूटरों ने रवि को पास से नौ गोलियां मारी थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। शार्प शूटरों ने रवि की बाजू पर दो, पीठ पर तीन, कंधे के पास एक और बाकी गोलियां पेट में मारी थी।
विज्ञापन


पेट में लगी गोलियां शरीर से आर-पार हो गई थी, जिस कारण उनकी मौत हो गई। डॉ. वरुण सग्गड़, डॉ. अजीत सिंह और डॉ. सविता की अगुवाई में डॉक्टरों के बोर्ड ने रवि के शव का पोस्टमार्टम किया। रवि के शरीर पर गोलियों के कुल नौ निशान थे। उसके शरीर से दो गोलियां निकाली भी गई, जो उन्होंने थाना सदर की पुलिस के हवाले कर दिया है।

पुलिस का दावा है कि रवि ख्वाजके की हत्या की साजिश गैंगस्टर गुगनी ने जेल के अंदर बैठकर रची थी। उसी ने मोगा के दविंदर शूटर और उसके साथियों से रवि की हत्या करवाई है। हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई है। पुलिस ने इस मामले में मोगा के बंबीहा निवासी दविंदर सिंह शूटर, गांव दुसांझ के अवतार सिंह, धर्मेंद्र सिंह गुगनी, कर्मवीर सिंह, जस्सी, नवप्रीत सिंह, चीमा उर्फ नैणी, मंदीप सिंह उर्फ बाबा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के हाथ अभी तक कोई आरोपी नहीं आया है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक कुछ साल पहले कोहाड़ा के पास एक मैरिज पैलेस में रवि ख्वाजके, उसके भाई संदीप गरेवाल और शिंदा संगोवालिया की गैंगस्टर धर्मेंद्र गुगनी के साथ मारपीट हुई थी। उसके बाद गैंगस्टर गुगनी और उसके साथियों ने तीनों पर गोलियां चलाई थी, जिसमें शिंदा संगोवालियां की हत्या हो गई थी, जबकि संदीप बुरी तरह से घायल हो गया था। उसके बाद पुलिस ने गुगनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शिंदा संगोवालियां की हत्या के केस की पैरवी रवि ही कर रहा था। इसी वजह से गुगनी रवि से रंजिश रखता था। उसने जेल के अंदर बैठकर ही रवि की हत्या की साजिश रची और मोगा के गैंगस्टर दविंदर शूटर को यह काम सौंपा। वहीं गैंगस्टर काला हवास की हत्या में भी रवि और संदीप का नाम आया था। हालांकि बाद में रवि को पुलिस ने जांच से बाहर कर दिया था।

शादी समारोह में काफी समय करते रहे रवि के अकेले होने का इंतजार
पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर बाराती बनकर विवाह समारोह में शामिल हुए थे। वह रवि पर नजर रखे थे, ताकि जब भी अकेला हो तो उसे मारा जा सके। शिअद ब्लॉक समिति के प्रधान अकाली नेता मनप्रीत सिंह बुटारी की शादी होने के कारण वहां पर काफी नेता और अधिकारी आए हुए थे। समारोह खत्म होने के बाद रवि गायक बब्बू मान को बाहर छोड़ने गया था।

फिर अंदर आया और थोड़ी देर बाद फोन सुनते हुए बाहर आया और अपने साथी बलजिंदर के साथ वहीं बैठ गया। हत्यारों ने मौका देखा और रवि पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसी दौरान बलजिंदर को भी दो गोलियां लग गई। गोलियां चलने की आवाज सुन लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद आरोपी वहां से ललकारे मारते हुए कार में बैठकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से मिले काफी सुराग
पुलिस ने मैरिज के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को वारदात के कुछ समय बाद ही कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने समारोह शुरू होने से लेकर वारदात होने तक की सारी फुटेज चेक की। शादी समारोह में आए हर मेहमान के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद ही पुलिस ने आरोपियों को नामजद किया।

कई केसों में भगौड़ा है आरोपी दविंदर
ख्वाजके की हत्या के नामजद गैंगस्टर दविंदर शूटर पुलिस का हिस्ट्री शीटर है। उसके खिलाफ मोगा-फरीदकोट में हत्या, हत्या के प्रयास और लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं। दविंदर शूटर कई मामलों में भगौड़ा है और पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश है। मामले में नामजद आरोपी जस्सी काला हवास का भाई है।

गुगनी को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस
रवि ख्वाजके की हत्या के मामले में नामजद गैंगस्टर गुगनी और कर्मवीर हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। पुलिस के हाथ में अभी तक कोई आरोपी तो नहीं आया है, लेकिन पुलिस गैंगस्टर गुगनी और कर्मवीर को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में जुट गई है। पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाएगी।

भारी सुरक्षा के बीच रवि का अंतिम संस्कार
सिविल अस्पताल में सुबह करीब 12 बजे रवि ख्वाजके का शव पहुंचा। भारी मात्रा में पुलिस फोर्स की अगुवाई में शव सिविल अस्पताल लाया गया। इस दौरान रवि के काफी साथी भी मौजूद थे। करीब तीन घंटे के पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया गया। उसके बाद शव को गांव ख्वाजके स्थित रवि के घर लाया गया। भारी पुुलिस सुरक्षा के बीच रवि का अंतिम संस्कार कर दिया गया।


डीसीपी डॉ. नरेंद्र भार्गव ने कहा कि पुलिस ने मैरिज पैलेस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की है। इसमें रवि पर अंधाधुंध गोलियां चलाने वाले चार युवक दिखे हैं। चारों आरोपी युवक हत्या करने के बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद रवि का शव वारिसों के हवाले कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें तैयार कर अलग-अलग जगहों पर जल्द ही भेजी जाएगी। आरोपियों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें