दोस्ती का रिश्ता शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा शख्स ने अपने ही दोस्त का घर बर्बाद कर दिया। भरोसे की आड़ में आरोपी ने दोस्त की पत्नी को प्रेम जाल में फंसाया, पत्नी को तलाक देने का झांसा देकर कई महीनों तक उसकी अस्मत से खिलवाड़ करता रहा और जब शादी की बात आई तो वही प्रेमी हैवान बन गया। घटना लुधियाना के जगरांव की है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी पहले से शादीशुदा होने के बावजूद खुद को पीड़िता से शादी करने का वादा करता रहा। फोन कॉल और बातचीत के जरिए भरोसा जीता, फिर उसी भरोसे को हथियार बनाकर शारीरिक संबंध बनाए गए। आरोपी का मकसद सिर्फ जिस्म था, रिश्ता नहीं।
जब पीड़िता ने साफ शब्दों में कहा कि पहले पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करे, तो आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया। आरोपी ने न सिर्फ पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकियां भी देने लगा। डर और खौफ के साए में जी रही महिला ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पति का दोस्त निकला सबसे बड़ा दुश्मन
थाना सिधवां बेट के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी परजिया विहारीपुर, सिधवां बेट, पीड़िता के पति का करीबी दोस्त था। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर आरोपी घर में बेरोकटोक आता-जाता रहा और धीरे-धीरे महिला को अपने जाल में फंसाता चला गया।
शादी का झांसा, जबरन संबंध और फिर धमकियां
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने साफ तौर पर कहा था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देगा और उसी भरोसे पर उसने महिला के साथ संबंध बनाए। लेकिन जब पीड़िता ने शादी की शर्त रखी तो आरोपी ने मारपीट कर चुप कराने की कोशिश की और कहा कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिधवां बेट पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की जांच करेगी।