लुधियाना के मोती नगर के सी-ब्लॉक में उस समय हड़कंप मच गया, जब विधानसभा हलका लुधियाना दक्षिण की विधायक राजिंदर पाल कौर छीना पुलिस बल के साथ एक घर नूमा होटल में औचक छापेमारी करने पहुंची। अंदर का नजारा देख हर को दंग रह गया। क्योंकि होटल में करीब सात जोड़े (युवक-युवतियां) आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। इस घर नूमा होटल को लेकर स्थानीय निवासी लंबे समय से शिकायतें कर रहे थे।
इलाके के लोगों का आरोप है कि बाहर से साधारण दिखने वाले इस घर को अंदरूनी तौर पर होटल की शक्ल दे दी गई थी। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि यहां लगातार बाहरी लोगों और संदिग्ध जोड़ों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे रिहायशी इलाके का माहौल खराब हो रहा था। परिवारों और बच्चों पर इसके नकारात्मक असर को लेकर लोग लंबे समय से परेशान थे।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि इस मकान में काफी समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा था। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए विधायक राजिंदर पाल कौर छीना स्वयं पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और छापेमारी करवाई।
मौके पर स्थिति देखकर विधायक ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पकड़े गए सभी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मकान मालिक की पहचान कर यह जांच की जाए कि बिना किसी कॉमर्शियल लाइसेंस के घर को होटल की तरह कैसे इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने पूरे मामले के पीछे सक्रिय मुख्य सरगना को जल्द से जल्द बेनकाब करने के आदेश भी दिए।
इस संबंध में एसएचओ मोती नगर ने बताया कि उन्हें विधायक का फोन आया था, जिसके बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि रेड के दौरान करीब सात युवक-युवतियां पकड़ी गई हैं, जो सभी स्थानीय बताए जा रहे हैं। फिलहाल मकान मालिक की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।