पाकिस्तान में बैठ पंजाब को दहलाने की साजिश रचने वाले आतंकियों की साजिश को कमिश्नरेट पुलिस ने नाकाम कर दिया है। कमिश्नरेट पुलिस ने आईएसआई के साथ संबंध रखने वाले तीन एजेंटों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पुलिस ने हैंड ग्रेनेड और अन्य हथियार बरामद किए है। हालांकि हैंड ग्रेनेड कितने है और हथियार कितने है इस बारे में पुलिस ने अभी खुलासा नहीं किया है।
सभी बाॅर्डर सील
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनकी पहचान श्री मुक्तसर साहिब के गांव रामगढ़ झुंग्गा निवासी कुलदीप सिंह, रमनीक सिंह उर्फ अमरीक, गांव पन्नी वाला निवासी परविंदर सिंह उर्फ चिड़ी के रुप में हुई है, जबकि आरोपियों के दो साथी गांव रामगढ़ झुंग्गा के रहने वाले शेखर सिंह और बधाईयां के रहने वाले अजय अभी फरार है। जिनकी तलाश में कमिश्नरेट पुलिस की कई टीमें लगी है। सभी बार्डर सील कर दिए गए हैं।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक सोमवार को नूरवाला रोड स्थित पानी वाली टंकी के पास एसआई दलबीर सिंह की अगवाई में पुलिस पार्टी गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में है और उनके लिए काम करते है। इस समय भी आरोपी लुधियाना में ही मौजूद है और लुधियाना को दहलाने की साजिश रच रहे हैं।
आरोपी खुद या फिर किसी से शहर में धमाके करा सकते है। जिससे लोगों के दिलों में दहशत फैलाई जाए। पुलिस को सूचना मिली तो पूरी टीम अलर्ट हो गई। पुलिस ने आरोपियों को सब्जी मंडी से शिवपुरी चौक की तरफ आते हुए काबू कर लिया। जबकि आरोपियों के दो साथी फरार होने में कामयाब हो गए।