मंडी से पशु लेकर सहारनपुर छोड़ने जा रहे छोटा हाथी चालक को डेहलों रोड पर बोलेरो में आए युवकों ने लूट लिया।
छोटा हाथी पर बैठे तीन लोगों से लुटेरों ने मारपीट की और फिर उन्हें नहर के पास स्थित मोटर के कमरे में बंधक बना कर छोटा हाथी, उनका कैश और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। लुटेरों के जाने के बाद छोटा हाथी चालक किसी तरह खुद को छुड़ाया और थाना डेहलों पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छोटा हाथी चालक गुरदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात बोलेरो सवार युवकों पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात 25 मई रात करीब सवा बारह बजे की है। गुरदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि फाजिल्का में पशु मंडी लगती है। वहां से सहारनपुर के व्यापारी मुस्तफा और अशोक कुमार ने दो भैंस और एक बछड़ा खरीदा था। पशु सहारनपुर छोड़ने के लिए व्यापारियों ने उसका छोटा हाथी किराए पर लिया। वे पता देकर चले गए।
गुरदीप का कहना है कि वह रात को अपने दो ओर साथियों के साथ छोटा हाथी में पशु लेकर सहारनपुर के लिए निकला। जब डेहलों के गांव टिब्बा पहुंचा तो नहर पुल के पास उन्हें एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी ने रोक लिया। उसमें से 5-6 युवक निकले और उन्हें बाहर आने के लिए कहा। जैसे ही वे बाहर निकले, युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
युवकों ने उन तीनों को बोलेरो में बैठाया और नहर के पास स्थित मोटर के एक कमरे में ले गए। वहां उनकी जेब से करीब 2 हजार रुपये और मोबाइल निकालकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया। आरोपी उनका पशुओं के साथ छोटा-हाथी लेकर फरार हो गए। गुरदीप का कहना है कि उनके जाने के बाद वे किसी तरह कमरे का गेट खोल बाहर आए और पुलिस को जानकारी दी।
थाना डेहलों के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुरदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात बोलेरो सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गाड़ी का नंबर नोट नहीं कर पाया था। अब जहां वारदात हुई, वहां आसपास के इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जांच की जा रही है।