अमृतसर से गाड़ी कर डेरा बस्सी में पशु छोड़ने जा रहे व्यापारी, उसके ड्राइवर और ड्राइवर के भांजे को हथियारबंद लुटेरों ने रोककर बंधक बना लिया और उनकी गाड़ी लूट कर फरार हो गए। घटना साहनेवाल के पास की है।
जाते हुए लुटेरों ने तीनों को पास ही खेतों में बने एक कमरे में बांध दिया और उनकी 12 हजार की नगदी, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूट लिया। किसी तरह खुद को छुड़ाकर व्यापारी ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही एसीपी साहनेवाल और थाना साहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक जागर सिंह की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्राइवर जागर सिंह ने कहा कि उसके पास डेरा बस्सी का व्यापारी इरफान आया था। जिसने अमृतसर से दो पशु लिए थे और उन्हें डेरा बस्सी लेकर जाना था। जागर के अनुसार उसकी गाड़ी किराए पर गई होने के कारण उसने अपने दोस्त की गाड़ी ले ली और उसमें पशु लोड कर डेरा बस्सी के लिए निकल पड़ा। उनके साथ उनका भांजा गगनदीप सिंह भी था।
जब वह साहनेवाल के पास पहुंचे तो एक सफेद रंग की गाड़ी उनके आगे आकर रुक गई। गाड़ी से चार युवक निकले। चारों हथियारों से लैस थे। लुटेरों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाल कर अपनी गाड़ी में बिठा लिया और साहनेवाल के पास खेतों में मोटर के कमरे में ले गए। वहां पर उनके हाथ पार बांध दिए और उनसे पैसे व मोबाइल फोन भी लूट लिए।
जब लुटेरे चले गए तो किसी तरह उन्होंने खुद को छुड़वाया और वहां से मेन रोड तक पहुंचे। वहां एक ढाबे से पुलिस को इसकी जानकारी दी। तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास गांवों में पता किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।