लुधियाना में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना हैबोवाल के संत नगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद उसने पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने बड़ी बेरहमी से हमला किया था, जिससे महिला की पेट की आंतड़ियां बाहर आ गई थी।
मृतक महिला की पहचान गुड्डी के तौर पर हुई है। उसकी अस्पताल में इलाज दौरान उसकी मौत हुई है, जबकि आरोपी मनोज अभी सीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन है। आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिवार को सौंप दिया है।
गुड्डी की बेटी रिंकी ने बताया कि उसकी मां ने दो शादियां की थी। आरोपी मनोज कुमार के साथ करीब चार साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। कुछ समय सही रहने के बाद फिर दोनों में घरेलू विवाद को लेकर अनबन शुरू हो गई। मनोज संतान के लिए पत्नी से झगड़ा करता रहता था। कुछ समय से आरोपी मनोज गुड्डी के चरित्र पर शक करने लगा था। इसे लेकर भी घर में कलेश रहता था।
20 दिसंबर की सुबह पति-पत्नी में घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि पति मनोज ने तेजधार दातर से पत्नी गुड्डी पर हमला कर दिया। मनोज ने उसके शरीर के कई हिस्सों पर वार किया। गुड्डी के पेट की आंतड़िया तक बाहर आ गई। आरोपी ने गुड्डी पर हमला करने के बाद खुद पर भी तेजधार हथियार से हमला कर लिया। दोनों के शोर सुनने के बाद उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल दाखिल कराया। जहां उनकी हालत को देखते हुए सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां गुड्डी की मौत हो गई। जबकि मनोज की हालत खतरे से बाहर है।