गांव मेहरबान में दो दिन पहले कार सवार तीन पुरुषों और एक महिला ने गांव की रहने वाली मंजीत कौर को घर से अगवा कर लिया। वह उसे पूछताछ के बहाने अपने साथ ले गए। जब महिला काफी समय तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने थाना मेहरबान में जाकर पता किया तो वहां से जवाब मिला कि किसी महिला को पूछताछ के लिए नहीं लाया गया है। इसके बाद पुलिस ने मंजीत कौर के ससुराल वालों के इलाके के थाने में पता किया तो उन्होंने भी मना कर दिया। पुलिस ने मंजीत कौर के परिजनों की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई गुरमीत सिंह ने कहा कि मंजीत कौर की शादी सुनाम के पीरां वाला गेट निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका ससुराल वालों के साथ विवाद हो गया और वह अपने मायके में रहने आ गई। इस बारे में अदालत में केस भी चल रहा था। शनिवार को कार सवार चार लोग गांव मेहरबान पहुंचे। उन्होंने मंजीत कौर के घर जाकर कहा कि वह पंजाब पुलिस के मुलाजिम हैं और उसे लेने के लिए आए हैं। उससे थाने में ले जाकर कुछ सवाल जवाब करने हैं। इसके बाद मंजीत कौर उनके साथ चली गई। जिस समय आरोपी मंजीत कौर को ले गए उस समय सिर्फ मंजीत की मां ही घर पर थी। उसके भाई अपने काम पर गए हुए थे। काफी समय तक मंजीत कौर के घर न पहुंचने पर उसके परिजनों ने उसकी तलाश की और थाना मेहरबान में उसके बारे में पता किया, लेकिन मेहरबान पुलिस मंजीत कौर को लाए ही नहीं थे। उन्होंने पुलिस के जरिए ही सुनाम पुलिस से बात की तो वहां से पता चला कि वह भी किसी महिला को नहीं लाए। एएसआई गुरमीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।