पंजाब के लुधियाना में आप विधायक के गनमैन पुलिस मुलाजिम की भांजी से 10 लाख रुपये की ठगी हुई है। युवती से सरकारी बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर कुल 10 लाख 10 हजार रुपये की ठगी की गई है।
पंजाब में ठगी धोखाधड़ी का खेल जोरों पर है। इस बार शातिर ठगों ने विधायक के गनमैन की भांजी को ही अपनी मीठी बातों में फंसा लिया। जालसाजों ने युवती को सरकारी बैंक में नौकरी लगवाने का लालच देकर उससे 10 लाख रुपये ठग लिए।
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के हलका गिल से विधायक जीवन सिंह संगोवाल के साथ बतौर गनमैन तैनात पुलिस मुलाजिम की भांजी को सरकारी बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दस लाख दस हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगी का आरोप समाना के तीन आरोपियों पर लगा है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। थाना सदर की पुलिस ने आप विधायक के गनमैन मक्खन सिंह की शिकायत पर दीपक कुमार उर्फ कालू, उसकी पत्नी मोनिका उर्फ मोना और बलजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मक्खन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी भांजी पढ़ाई कर नौकरी की तलाश में थी। किसी के जरिये उसकी आरोपियों से मुलाकात हुई। आरोपियों ने उसे सरकारी बैंक में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों पर दस लाख दस हजार रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने टाल मटोल शुरू कर दी। कुछ दिन पहले उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने धमकियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद मक्खन सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास की। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मामला दर्ज किया।