हलवारा के लुधियाना-बठिंडा हाईवे पर देर शाम करीब साढ़े 6 बजे चार वाहनों की टक्कर के बाद एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। हाईवे पर गांव बोपाराय कलां लिंक सड़क के पास चार कारों के आपस में टकराने के दौरान बाइक पर जा रहा गुरमीत सिंह (25) निवासी गांव लील भी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे राहगीरों की मदद से सिविल अस्पताल सुधार ले जाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल स्टाफ से लुधियाना सिविल अस्पताल रेफर कर दिया है।
बता दें कि दो दिन पहले इस जगह भयानक हादसा हुआ था। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई थी। तीनों युवक बाइक पर सवार थे और उनकी बाइक की टक्कर ट्रैक्टर ट्राली से हो गई थी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
थाना सुधार की पुलिस को घटना की जानकारी दी गई और जांच अधिकारी सुखदेव सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामूली रूप से घायल चौपहिया वाहन सवार सभी को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को थाना सुधार ले जाया गया है।
गौरतलब है कि दो दिन पर इसी हाईवे पर गांव बोपाराय लिंक सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की टक्कर में बरनाला के गांव गेहल निवासी तीन दोस्तों की मौत हो गई थी और आज सुबह भी ट्रैक्टर ट्राली और जीप की टक्कर में भी कुछ लोगों को मामूली चोटें आई है। मंगलवार देर शाम हुई चार वाहनों और बाइक दुर्घटना के बाद इस राज मार्ग पर कुछ देर यातायात भी बाधित रहा।
गौरतलब है कि लुधियाना-बठिंडा राज मार्ग पर करीब एक किलोमीटर के इस इलाके में लगातार दुर्घटनाएं होती आ रही हैं। सेम नाले से राज मार्ग की घूमती सड़क और बोपाराय कलां गांव की लिंक सड़क का डिजाइन तकनीकी माहिरों की नजर में गलत है, जिसके चलते आए दिन कीमती जाने जा रही हैं और आम जनता दुर्घटनाओं का शिकार हो रही है। आसपास गांव के पंच सरपंच कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग और सरकार से सड़क का डिजाइन ठीक करके नए सिरे से बनाने की मांग कर चुके हैं।