जगरांव की नई दाना मंडी के नजदीक थापर कॉलोनी में वीरवार देर रात गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। शराब के नशे में धुत्त एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने 32 बोर के लाइसेंसी पिस्टल से एक के बाद एक कई हवाई फायर कर दिए।
गोलियां चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। इस सबंधी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। गोलियां चलने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिटी-2 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से 23 खाली खोल बरामद किए हैं।
आरोपी की पहचान आत्म नगर, जगरांव निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। थाना सिटी-2 में तैनात एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि वह पुलिस के साथ तहसील चौक में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि थापर कॉलोनी में नई दाना मंडी के पास एक व्यक्ति अपने लाइसेंसी पिस्टल से लगातार हवाई फायर कर रहा है। इससे कॉलोनी में रहने वाले लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने के साथ घटनास्थल से 23 खाली खोल भी जब्त किए। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपी को जब पकड़ा था तो उसने शराब पी रखी थी।
थाना सिटी-2 के प्रभारी आत्मा सिंह ने बताया कि आरोपी का लाइसेंसी हथियार 24 मई 2025 को जारी हुआ था और इसकी वैधता 23 मई 2030 तक है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आरोपी ने किन परिस्थितियों में और किस कारण से हवाई फायर किए।