लुटेरा गिरोह के सदस्यों ने बुधवार देर रात ओमयार्न प्लस को अपना निशाना बना लिया। चोर गोदाम के पीछे से दीवार फांद कर अंदर दाखिल हुए और लाखों का सामान चोरी कर लिया। सिक्योरिटी गार्ड ने जब उन्हें देखकर शोर मचाया तो आरोपी गार्ड पर फायर कर फरार हो गए। चोरों ने करीब चार दिन पहले भी फैक्टरी में से करीब बीस लाख रुपये का माल लूट लिया था, लेकिन किसी को कुछ पता नहीं चला। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही थी कि दूसरी बार चोरों ने फैक्टरी पर धावा बोल दिया।
जुगियाना इंडस्ट्री एरिया स्थित ओमयार्न प्लस के मालिक संजय तलवाड़ ने कहा कि उनकी फैक्टरी में कपड़ा बनता है और उसके बाद शर्ट बनाई जाती है। धागा और कपड़ा गोदाम में रखा होता है। फैक्टरी में दिन-रात मजदूर काम करते है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से इलाके में स्थित फैक्टिरयों में चोरियां हो रही थी। कुछ दिन पहले चोरों ने फैक्टरी की दीवार फांद कर उनके गोदाम से करीब बीस लाख रुपये का माल चोरी कर लिया था। चोर खेतों की तरफ से आए और वहीं से फरार हो गए। उस मामले की जांच चल रही है।
बुधवार देर रात को फैक्टरी का सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप चक्कर लगा रहा था। तभी गोदाम की तरफ से आवाज आई। उसने देखा तो गोदाम के ऊपर पांच और नीचे पांच लोग खड़े थे और सामान निकाल रहे थे। उसने तुरंत शोर मचा दिया। फैक्टरी के मजदूर इकट्ठा होकर गोदाम की तरफ जाने लगे तो चोरों में से किसी ने उन पर फायर कर दिया और खेतों के रास्ते से ही फरार हो गए। मजदूरों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। संजय ने आरोप लगाया कि दो बजे पुलिस को सूचना दी गई थी, मगर दो घंटे बाद पीसीआर मुलाजिम वहां पहुंचे और घटनास्थल देखकर चले गए। शाम चार बजे तक न तो चौकी कंगनवाल से और न ही थाना साहनेवाल से कोई मुलाजिम पहुंचा। उन्होंने कहा कि शाम चार बजे पुलिस आई और जांच शुरू की। तलवाड़ ने कहा कि चोरों ने इससे पहले कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान और प्रदेश व्यापार मंडल के चेयरमैन जगमोहन शर्मा के बेटे की बीजी स्टील और लुधियाना स्टील में भी लूट की कोशिश की।
लगातार हो रही चोरियां
संजय तलवाड़ ने कहा कि चोरों ने इससे पहले सुधीर फोजिंग से करीब 12 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा गोबिंद कास्टिंग के सिक्योरिटी गार्ड को दातर मारकर करीब आठ लाख रुपये का माल लूट लिया था। ब्रिजी गेयर से साढ़े तीन लाख और साराज कास्टिंग से नौ लाख का माल चोरी किया गया था। संजय के मुताबिक फैक्टरी मालिकों ने बुधवार को एसीपी साहनेवाल से मुलाकात की थी। उन्होंने भी गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया था।
एटीएम लूट की भी कोशिश
बुधवार देर रात ही कुछ आरोपियों ने इलाके में स्थित गोबिंद टायर के साथ लगते इंडियन ओवरसेस बैंक के एटीएम को अपना निशाना बनाया। लुटेरा गिरोह के सदस्यों ने एटीएम के अंदर घुस कर मशीन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इतनी मशक्कत के बाद भी मशीन नहीं टूटी। सुबह सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी देने के लिए आया तो एटीएम टूटी देखकर जानकारी पुलिस और अधिकारियों को दी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की जांच करवा रही है।
इलाके में बढ़ाई जाएगी गश्त : एसीपी
एसीपी साहनेवाल तेजवीर सिंह ने कहा कि फैक्टरी मालिकों द्वारा पुलिस पर न आने के लगाए जा रहे आरोप गलत है। पुलिस को जब सूचना मिली तो पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई थी। कुछ दिनों में इलाके में काफी फैक्ट्रियों को लुटेरों ने अपना निशाना बनाया है। फैक्टरी मालिकों ने यही बताया था कि दस लुटेरों का एक गिरोह फैक्ट्रियों को निशाना बना रहा है। बुधवार को फैक्टरी मालिकों ने उनसे मुलाकात भी की थी। उन्होंने फैक्टरी मालिकों से पूछा भी था कि उन्हें जहां चाहिए, वहां गश्त बढ़ा दी जाएगी। पुलिस जल्द ही इलाके में गश्त बढ़ाएगी। ओम यार्न प्लस में हुई लूट की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में गोली चलने वाली कोई बात सामने नहीं आई है। बाकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।