राजस्थान की पीलीबंगा पुलिस की ओर से पोस्त समेत गिरफ्तार किए 57 आरोपियों में से सात को पुलिस ने अदालत में पेश कर चार दिन का रिमांड हासिल किया है। टिब्बी पुलिस की दो टीमें उक्त आरोपियों को पोस्त सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए जोधपुर में छापामारी करने पहुंच चुकी है।
थाना टिब्बी के इंस्पेक्टर भवर लाल ने बताया कि पोस्त समेत पकडे़ गए उक्त आरोपियों में से सात उन मुख्य आरोपियों हिम्मता राम, बीमा राम, प्रेम कुमार, सुखदेव सिंह, अंग्रेज सिंह, जगसीर सिंह, बलविंदर सिंह को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था।
उन्होंने बताया कि सोमवार तक पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि वह जोधपुर, जैसलमेर, फलौदी के बस स्टैंड पर जाकर उतरतेे थे और पोस्त बेचने वाले उनको कहीं दूर खेतों में ले जाकर चार हजार रुपये किलो के हिसाब से उन्हें देते थे। उन्होंने बताया कि अब तक तीन लोगों के नाम सामने आ चुके हैं, जो पोस्त की सप्लाई आरोपियों को देते थे।
उन्होंने बताया कि तीनों नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद ही उनके नाम बताए जाएंगे। राजस्थान में पोस्त समेत पकडे़ गए पंजाब के 55 में से सबसे ज्यादा आरोपी मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के विधानसभा हलका लंबी क्षेत्र से हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे एवं वरिष्ठ नेता गजेंद्र सिंह भाटी की चंद्रा ट्रेवल कंपनी की बस वीरवार को हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा कस्बे में स्थित पुलिस थाना के सामने उस समय काबू किया था जब उसमें सवार 57 लोग पोस्त तस्करी कर ले जा रहे थे। इस बस में चालक-परिचालक को छोड़कर सवार सभी 57 लोगों के पास से एक क्विंटल 44 किलो पोस्त बरामद हुआ है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 10 महिलाएं हैं।