हथियारों से लैस नकाबपोश तीन लुटेरों ने चीमा चौक स्थित रेड एक्सेस कोरियर कंपनी के मुलाजिम रमेश वर्मा को बुधवार की देर रात बंधक बनाकर साढ़े छह लाख रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया।
लुटेरों ने चाकू की नोक पर मुलाजिम से सेफ का पासवर्ड पूछा और नगदी लेकर फरार हो गए। लुटेरे जाते वक्त सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए।
किसी तरह रमेश ने खुद को खोला और बाथरूम से बाहर निकल कर लूट की जानकारी दफ्तर इंचार्ज को दी। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन छह की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरियर कंपनी के मुलाजिम रमेश वर्मा के मुताबिक दफ्तर में कुल 19 लोग काम करते है। उसकी रात की ड्यूटी होती है। बुधवार की रात वह दफ्तर में बैठा था।
अचानक मुंह ढके हुए तीन लोग दफ्तर में घुस आए और आते ही उसके साथ मारपीट कर उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार रख दिए। उनमें से एक ने सेफ खोलने की कोशिश की, लेकिन सेफ लॉक था।
लुटेरों ने उसे जान से मारने की धमकियां देकर पासवर्ड पूछ लिया और सेफ खोल कर अंदर रखी करीब साढ़े छह लाख रुपये की नगदी लूट ली।
इसके बाद लुटेरों ने उसके हाथ पैर बांधे और उसके मुंह पर रुमाल बांध कर उसे बाथरूम में बंद कर दिया। इतना ही नहीं जाते हुए लुटेर दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए।
रमेश के मुताबिक उसने किसी तरह से अपने हाथ पैर खोले और बाथरूम के रोशनदान के जरिये बाहर निकला। रमेश ने कहा कि उसका फोन दफ्तर की टेबल के दराज में पड़ा था।
उसने तुरंत फोन के जरिए इसकी जानकारी दफ्तर इंचार्ज को दी। थाना डिविजन छह के एसएचओ इंस्पेक्टर कंवरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। जल्द हल कर लिया जाएगा।