गांव सिंधवाकलां के छप्पड़ से वीरवार को बड़ी संख्या में कारतूस, पिस्तौल और मैग्जीन बरामद किए गए। छप्पड़ से असलाह मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तमाम असलाह को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सिंधवा कलां के इसी छप्पड़ में चल रहे नवीनीकरण के काम के तहत अगस्त 2015 में भी पुलिस को गोलियां और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इसी तरह साथ के गांव सिंधवा खुर्द के छप्पड़ से चार बार बम, गोलियां और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह सिंधवाकलां के छप्पड़ के नवीनीकरण के काम में लगे मजदूरों को सफाई के दौरान कुछ गोलियां दिखाई दीं। मजदूरों ने इसकी सूचना गांव के सरपंच कुलदीप सिंह को दी। कुलदीप ने जगरांव पुलिस को सूचित किया। थाना सदर जगरांव के प्रभारी अवतार सिंह राजपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में छप्पड़ की सफाई का काम आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान छप्पड़ से एक पिस्तौल, मैग्जीन और सैकड़ों की संख्या में राउंड निकाले गए। थाना प्रभारी ने कहा कि छप्पड़ से एक 32 बोर का पिस्तौल, मैग्जीन, नौ एमएम के 150 राउंड और विभिन्न पिस्तौलों के 220 राउंड भी बरामद किए गए। सभी हथियार बुरी तरह से गल गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।