लुधियाना के शिवपुरी इलाके में घर में घुसकर परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला करने और विवाहिता को जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। वारदात के बाद संतोष नगर इलाके में दहशत का माहौल है। थाना दरेसी पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संतोष नगर निवासी मोहम्मद यूनिस ने बताया कि दो मई की दोपहर वह घर पर नहीं था। घर में उसकी मां शाहिदा और पत्नी हिना मौजूद थीं। इसी दौरान उसका साला वारिस शाह और साली गुलिस्ता जबरन घर में घुस आए और हिना को घसीटते हुए अपने साथ ले जाने लगे।
मोहम्मद यूनिस के अनुसार जब उसकी मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि वारिस और गुलिस्ता ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, जो तलवारों और अन्य तेजधार हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने परिवार पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने वारिस शाह, राशिद शाह, दिलसाद, अहमद, शबीना, बबली, गुलिस्ता, रुबीना और इखलाक शाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।