एक लुटेरा गिरोह ने मंगलवार को शहर में दो बार फायरिंग कर दहशत पैदा कर दी। नहरी कॉलोनी से लोगों ने चारों लुटेरों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी पहचान गोलू, जसवीर, हरपिन्द्र और लुल्लू के रूप में हुई है। डीएसपी गुरजीत सिंह रोमाणा ने बताया कि चारों लुटेरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता लगा है कि यह किसी बड़ी डकैती करने की फिराक में थे।
बीते सोमवार को इस गिरोह ने शहर की झुग्गियों में रहने वाले रंजीत और उसके भाई के घर पर चोरी की थी। वहां से इन लुटेरों ने लड़कियों की शादियों के लिए रखी लाखों की नगदी चोरी कर ली थी। पीड़ित परिवार को इस बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने खुद ही शहर में कई जगह पर नाकेबंदी कर दी। मंगलवार सुबह इस गैंग के सदस्य स्थानीय रेलवे स्टेशन पर घूम रहे थे।
वहां से निकल रहे शहर निवासी राकेश बाहिया ने जब इन संदिग्धों लोगों से बात की तो वे फायरिंग करके फरार हो गए। रेलवे स्टेशन से उक्त बदमाश नहरी कॉलोनी चले गए, तब तक चोरी का शिकार परिवार के लोग भी पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। उक्त जगह पर बदमाशों ने फिर से फायरिंग की। नगर काउंसिल के अध्यक्ष सुनील बिट्टा ने बताया कि लोगों ने सभी लुटेरों को काबू कर लिया है। उनके पास से अवैध हथियारों बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।