फोकल प्वाइंट स्थित पावरकॉम आफिस में तैनात जेई रुपिंदर सिंह को विजिलेंस की टीम ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के एसएसपी रुपिंदर सिंह ने बताया कि टिब्बा रोड निवासी भगवान दत्त के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि भगवान दत्त ने ताजपुर रोड स्थित गीता नगर में बीआर फैब्रिक की फैक्टरी लगाई थी। होजरी में कामर्शियल मीटर लगवाने के लिए 2013 में फोकल प्वाइंट बिजली दफ्तर में पचास हजार रुपये देकर मीटर अप्लाई किया था।
बिजली दफ्तर के बार बार चक्कर काटने पर भी मीटर नहीं लगा। मीटर न लगने की वजह से होजरी में मशीनें नहीं चली। इससे कामकाज नहीं चला और आमदनी भी नहीं हुई। इस कारण भगवान दत्त टिब्बा रोड स्थित अपने घर का बिजली बिल नहीं जमा करवा पाया और जेई रुपिंदर ने उसके घर का मीटर काट दिया। भगवान दत्त ने डिफाल्टिंग अमाउंट जमा करवा दी।
जेई रुपिंदर ने मीटर लगाने के बजाय भगवान से पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। जेई ने कहा कि पंद्रह हजार में दोनों मीटर इकठ्ठे लगा देंगे। बात दस हजार में तय हुई। भगवान ने इसकी सूचना विजिलेंस को दी। विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है