बठिंडा-चंडीगढ़ और बठिंडा-अमृृतसर नेशनल हाईवे पर हुए दो सड़क हादसों में कार सवार दंपति समेत आठ लोग घायल हो गए। उनको इलाज के लिए सिविल और आदेश अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इनमें से तीन घायलों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
घायलों की पहचान दंपति सुखप्रीत कौर (35), निर्भय सिंह (40), संदीप कौर (7), गुरमीत सिंह (10), खुशदीप सिंह (11) निवासी गांव बलाहड बिंझू, ट्रक चालक सुरिंदर सिंह निवासी भुच्चो मंडी, बोलेरो सवार मनप्रीत सिंह और बलौर सिंह निवासी बठिंडा के तौर पर हुई है। सोमवार देर रात को जब निर्भय सिंह अपने परिवार समेत अपनी कार में बठिंडा से गांव की ओर जा रहा था तो सामने से आ रही एक बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
इससे कार में सवार निर्भय सिंह और उसका परिवार घायल हो गया। उनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर निर्भय सिंह की पत्नी सुखप्रीत कौर और बेटी संदीप कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस तरह भुच्चो रोड पर जा रहा ट्रक अचानक रोड के बीच खराब हो गया। इसके बाद जब ट्रक चालक सुरिंदर सिंह ट्रक के आसपास पत्थर एवं झाड़ियां लगा रहा था तो पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो जीप ट्रक चालक को टक्कर मारती हुई ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
इससे ट्रक चालक और बोलेरो सवार मनप्रीत सिंह, बलौर सिंह घायल हो गए। उनको आदेश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर ट्रक चालक सुरिंदर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इन दोनों मामलों संबंधत पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है और घायलों के ब्यान दर्ज करने के बाद ही अगली कारवाई को अंजाम देगी ।