पंजाब के हलवारा में एक सप्ताह पहले मृत मिले गांव पमाल के अमृतधारी युवक रणजीत सिंह की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
थाना जोधा की पुलिस ने रणजीत सिंह के पिता सुखदेव सिंह की शिकायत पर उसकी पत्नी गगनदीप कौर और उसके प्रेमी रघुवीर सिंह वासी कैले बांदर जिला बठिंडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मृतक का रिश्तेदार भी है।
तफ्तीश के दौरान गगनदीप कौर पुलिस को भटकाती रही और रघुवीर भी परिवार की मदद का ड्रामा करता रहा। पुलिस का शिकंजा कसता देख 17 अप्रैल को तड़के रघुवीर गगनदीप को बाइक पर लेकर फरार हो गया। वहीं गगनदीप कौर अपनी तीन बेटियों को ससुराल में ही छोड़ गई। बुधवार 5 बजे दोनों को गांव बस्सियां से गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतक के पिता सुखदेव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें पता चला कि उनकी पुत्र वधू के उनके रिश्तेदार रघुवीर से संबंध हैं। घटना की रात भी रघुवीर उनके बेटे रणजीत के घर आया था। उनकी पुत्रवधू ने पहले उसे नशीली दवाई पिलाई फिर बेहोशी की हालत में मुंह दबाकर हत्या कर दी। पहले पुलिस ने 174 की कार्रवाई की लेकिन मामला संदिग्ध होने पर 5 डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया था।
जांच अधिकारी अमृतपाल सिंह ने बताया कि रणजीत सिंह की मौत के मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है।