हैबोवाल से दस साल के बच्चे को अगवा कर अपहरणकर्ता गुजरात ले जाना चाहता था। लेकिन टिकट के पैसे कम होने से वह बच्चे को साथ नहीं ले जा पाया।
वह दो दिन तक स्कूल वर्दी में बच्चे को शहर में इधर-उधर घुमाता रहा। लोगों से टिकट के पैसे पूरे करने के लिए भीख मांगता रहा। पैसे पूरे होने के बाद बुधवार रात वह बच्चे को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा। लेकिन पुलिस ने आरोपी को स्टेशन से काबू कर बच्चे को सही सलामत बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान रमेश कुमार निवासी गुजरात के तौर पर हुई है।
हैबोवाल पुलिस ने वीरवार अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को अपने साथ रख बुढ़ापे का सहारा बनाना चाहता था।