लोहे की राड से की थी विवाहिता वानी की हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, पुलिस ने ससुरालियों पर किया मामला दर्ज
आरोपियों की तलाश में जुटी थाना मुल्लापुर दाखा पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मुल्लापुर दाखा (लुधियाना)। गांव बद्दोवाल में रहने वाली आठ महीने की गर्भवती वानी की हत्या उसके ससुराल वालों ने पिटाई करने के बाद उसके सिर पर रॉड मार कर की थी। इस बात का खुलासा वानी कीपोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वानी के पिता लालू दीन की शिकायत पर उसके पति रहमुद्दीन, ससुर मक्खन दीन, जेठ शैफ अली, चाचा ससुर सफाइदा, जीजा साहु और तीन अन्य के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है। मामले में पुलिस ने पहले 174 की कार्रवाई की थी।
थाना दाखा के एसएचओ इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जम्मू कश्मीर के जिला कठुआ निवासी लालू दीन के अनुसार उसकी बेटी वानी की शादी करीब आठ वर्ष पहले रहमुद्दीन के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे थे और सात-आठ महीने की वह गर्भवती थी। वानी का पति अक्सर पत्नी की पिटाई करता था। पंचायती राजीनामे के बाद उसे कई बार समझाया गया, लेकिन वह फिर भी मारपीट करता रहा। आठ सितंबर की रात को आरोपियों ने उसकी बेटी को पीटा और उसके सिर पर लोहे की रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद संदिग्ध हालात में मौत हुई देख पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर दी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।