लाखों की चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
दुकान पर काम करने वाले पुराने नौकर ने दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों के कब्जे से 1.53 लाख रुपये बरामद, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। एसी मार्केट स्थित कपड़े की दुकान में कुछ दिन पहले चोरी करने वाले दुकान के पूर्व नौकर और उसके दो साथियों को थाना कोतवाली की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1.53 लाख रुपये बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान मोहल्ला प्रेम नगर निवासी कुलदीप सिंह उर्फ मंगा, प्रिंस कुमार और टिब्बा रोड स्थित जुनेजा कालोनी निवासी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया। जहां से तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि उपकार नगर निवासी हरि कृष्ण ने पुलिस के पास शिकायत दी थी कि उसकी एसी मार्केट में होलसेल कपड़े की दुकान है। वह कई जगहों पर कपड़े की सप्लाई करता है। एसी मार्केट में उसकी 69 और 72 नंबर दुकान है। 26 अगस्त को वह दुकान बंद कर घर चला गया। जब वह 28 तारीख को आया तो दुकान नंबर 72 को खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गल्ले में पड़े 2.90 लाख रुपये गायब थे। उसने सीसीटीवी की फुटेज चेक की तो आरोपी की पहचान हुई। एडीसीपी ने बताया कि हरि कृष्ण के अनुसार जब आरोपी की पहचान कराई गई तो पता चला कि आरोपी मंगा उसके पास काम करता था। उसे काम पर से निकाल दिया गया था।