किडनैप कर की थी युवक की हत्या
छह दिन बाद हुई गोदाम में मिले युवक के शव की शिनाख्त
फोटो देख परिजनों ने की शिनाख्त, आरोपी घर से ले गए थे युवक को
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सुभाष नगर के एत गोदाम में करीब एक सप्ताह पहले मृत मिले युवक की हत्या के बाद शव वहां फेंका गया था। इस बात का खुलासा वीरवार को उस समय हुआ जब उसकी पहचान हुई। मृतक युवक की पहचान मोहम्मद अफजल (18) के रूप में हुई है। परिजनों ने वीरवार को थाना टिब्बा में पहुंचकर उसकी फोटो देख पहचान की। जिसके बाद पुलिस ने उनके बयान दर्ज करने के बाद युवकों के खिलाफ किडनैप कर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। इससे पहले पुलिस ने शव को अज्ञात मानकर अंतिम संस्कार कर दिया था।
कुलदीप नगर इलाके में रहने वाले मोहम्मद अफजल चार सितंबर को अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। जिस कारण वह घर पर देर रात को पहुंचा था। उसके देर रात घर आने के कारण उसके परिजनों ने उसे कुछ डांटा था। घर वालों की डांट न सहकर वह बिना बताए चला गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। जिसके बाद परिजनों ने थाना दरेसी के अधीन आने वाली चौकी सुंदर नगर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। छह सितंबर को सुभाष नगर के गोदाम में उसका शव मिला। थाना टिब्बा रोड की पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया। तीन चार दिन परिजनों के पता न चलने पर थाना टिब्बा की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद खुद ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मोहम्मद अफजल के परिजनों को किसी ने बताया कि टिब्बा थाने की पुलिस को कुछ दिन पहले एक शव मिला था। जिसके बाद वह थाने पहुंचे और फोटो से ही अपने बेटे की पहचान की। जिसके बाद उन्हें पता चला कि पुलिस उसका अंतिम संस्कार कर चुकी है।
आरोपियों की हो रही तलाश
एडीसीपी 4 राजवीर सिंह बोपाराय ने बताया कि पुलिस ने परिजनों का काफी पता लगाने की कोशिश की थी। जब चार दिन तक मृतक के परिजनों का नहीं पता चला तो उन्होंने पोस्टमार्टम करवा शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। अब मृतक की पहचान हो गई है। उसके परिजनों ने अगवा करने के बाद हत्या करने की बात की है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।