बरनाला के सुनील का खुलासा सही साबित हुआ
जेल प्रशासन ने चेकिंग की तो 47 ग्राम नशीला पदार्थ मिला
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
केंद्रीय जेल में बंद कैदियों से मोबाइल तो बरामद होते ही थे, लेकिन अब कैदियों से नशीले पदार्थ भी बरामद होने लगे हैं। बुधवार को जेल प्रशासन ने जब चेकिंग की तो जेल में बंद कैदी बलजिंदर सिंह निवासी जलंधर से करीब 47 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। जिससे बरनाला निवासी सुनील कुमार के खुलासे सच साबित हो रहे हैं। सुनील ने कुछ दिन पहले खुलासा किया था कि वो एक घरेलू झगडे़ के तहत बठिंडा की जेल में बंद था। उसने आरोप लगाया था कि जेल में गैंगस्टर बडे़ आराम से रहते और उन्हें मोबाइल से लेकर नशा आसानी से मुहैया कराया जाता है। जिसमें सीधे तौर पर जेल कर्मियों की मिलीभगत है। पिछले कुछ समय में बरामद हुए मोबाइल के आधार पर थाना पुलिस ने बुधवार को बारह कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें एक महिला कैदी भी शामिल है।
जेल प्रशासन पर बडे़ सवाल
थाना नथाना प्रभारी इंस्पेक्टर रछपाल सिंह ने बातचीत करते हुए बताया कि जेल प्रशासन की ओर से बुधवार को जेल में बनी बैरकों की चेकिंग की जा रही थी तो आरोपी बलजिंदर सिंह से 47 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस जेल के सहायक अधीक्षक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक ने बयान देकर पीछा छुड़वाने का प्रयास किया है, कि जेल की दीवारें इतनी ऊंचीं हैं और सीसीटीवी कैमरे लगे है तो मोबाइल व नशा जेल के अंदर पहुंचना जेल प्रशासन पर बडे़ सवाल खडे़ करता है। जिनके बारे जेल प्रशासन का कोई भी अधिकारी बात करने को तैयार नहीं है।