युवक की हत्या करने के आरोपी सीसीटीवी में कैद
एक युवक चला रहा है एक्टिवा, दूसरा युवक बीच में शव रख बैठा है साथ
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। घाटी मोहल्ला में रहने वाले 22 वर्षीय कुलदीप कुंवर की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा है। यह सुराग पुलिस को इलाके की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के रुप में मिला है। फुटेज में कुलदीप कुंवर के शव को एक्टिवा सवार दो युवक ले जाते नजर आ रहे है। ब्लू शर्ट वाला युवक एक्टिवा चला रहा है और दूसरा युवक पीछे बैठा है और बीच में कुलदीप का शव था। हालांकि, फुटेज में आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे है। लेकिन, फुटेज देखने से ऐसा लगता है कि जैसे कुलदीप के आंखों पर कपड़ा बांधा गया हो।
फुटेज रात करीब 12 बजे की है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद कुलदीप के शव को ठिकाने लगान के लिए आरोपी एक्टिवा पर उसका शव ले गए और मिट्टी में दबा दिया। उसी फुटेज में ब्लू शर्ट वाला युवक फिर कैमरे की रेंज में वापस आता है, तब उसके हाथ में तेजधार दातर है। आरोपियों ने कुलदीप की हत्या में उसी हथियार का इस्तेमाल किया हो। बाद में फुटेज में ब्लू शर्ट वाला किसी से मोबाइल पर बात करते भी नजर आ रहा है। हालांकि, फुटेज साफ नहीं है। उसमें न तो एक्टिवा का नंबर और न ही आरोपियों का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। उधर, सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने घाटी मोहल्ला और टिब्बा रोड से कुछ युवकों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ में कुछ सामने नहीं आया है। लेकिन, पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा कर सकती है। चौकी सुंदर नगर के इंचार्ज गुरजीत सिंह ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को इलाके से एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है। जिसमें एक्टिवा सवार नजर आ रहो है। हालांकि, उस फुटेज में न एक्टिवा का नंबर नजर आ रहा है और न ही युवकों के चेहरे नजर आ रहे है। फुटेज के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल कर चेक की जा रही है कि आखिरी बार कुलदीप ने किन लोगों से बात की थी। फिलहाल जांच चल रही है।
सत्संग सुनने आया था उतार दिया था मौत के घाट
बीती 29 अक्तूबर की रात घाटी मोहल्ला गली नंबर 2 में रहना वाला कुलदीप कुंवर, इलाके में चल रहे सत्संग में माथा टेकने के लिए घर से करीब 10 बजे निकला था। फिर अचानक वह सत्संग से चला गया। लेकिन पूरी रात घर नहीं लौटा। उसके बाद अगली सुबह कुलदीप का शव पुली के निकट रेत के ढेर पर पड़ी मिली। कुलदीप के सिर पर पिछले हिस्से, माथे पर तेजधार हथियार के निशान थे। उसकी एक आंख फोड़ी गई थी।