3500 की नकदी, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान था पर्स में
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। महानगर के पाश इलाके सराभा नगर में एक्टिवा खड़ी कर घर के अंदर जा रही महिला से बाइक सवार ने पर्स छीन लिया। जब तक महिला कुछ कर पाती आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर थाना डिवीजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सराभा नगर निवासी हरप्रीत कौर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हरप्रीत कौर की ओर से पुलिस के पास दर्ज करवाई गई शिकायत के मुताबिक दो दिन पहले वह अपनी एक्टिवा से गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने के लिए गई थी। माथा टेकने के बाद जब वह घर वापस पहुंची तो उसने अपनी एक्टिवा बाहर खड़ी की तो अंदर जाने लगी। इसी दौरान बाइक सवार पीछे से आया और उसका पर्स छीनकर फरार हो गया। जब तक हरप्रीत कौर कुछ कर पाती आरोपी फरार हो गया। हरप्रीत ने शोर भी मचाया लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद हरप्रीत ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही है। अब तक सीसीटीवी से कुछ हासिल नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।