आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल, तीन पर्स और ऑटो बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
हथियार दिखाकर ऑटो में बैठी सवारियों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए टू की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे सेे विभिन्न कंपनियों के 15 मोबाइल, तीन महिला पर्स और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाला ऑटो बरामद किया है। पुलिस ने शिमलापुरी निवासी अश्वनी कुमार और बसंत नगर निवासी अमनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार इलाके में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान आरोपी इलाके में ऑटो पर घूम रहे थे। किसी ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी ऑटो में बैठी सवारियों से हथियारों के बल पर लूटपाट करते है। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी इलाके में देर रात को सवारियां बैठाकर उनसे लूटपाट करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि उनके साथ गिरोह में कितने लोग शामिल हैं।