सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, आरोपी की नजर आ रही है पीठ
पिता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। टेक्सटाइल कालोनी इलाके में घर के बाहर खेल रहे तीन साल के बच्चे को रविवार रात किसी व्यक्ति ने अगवा कर लिया। आरोपी उसे कंधे पर उठाकर ले गया और किसी को कुछ पता नहीं चला। जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढने लगे। काफी देर तक बच्चा नहीं मिला। उन्होंने इसकी जानकारी थाना मोती नगर में दी। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पता चला कि बच्चे को कोई व्यक्ति घर के बाहर से उठाकर ले जा रहा है। पुलिस ने बच्चे के पिता देव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
देव ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल के जिला धनगढ़ी स्थित गांव सुक्कड़ का रहने वाला है। यहां पर वह 12 साल से रह रहा है। उसकी पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। उसका तीन साल का बेटा भी है। नेपाल से उसके माता-पिता आए हुए हैं जो बच्चे की देखभाल कर रहे थे। रविवार को वह घर पर बैठे थे और बच्चा खेलते हुए बाहर आ गया। काफी समय तक बच्चा घर नहीं लौटा तो वह देखने के लिए बाहर गए। बच्चा घर के बाहर नहीं था। उन्होंने आसपास के घरों में बच्चे का पता किया तो किसी को कुछ मालूम नहीं था। काफी समय तक बच्चे की तलाश करने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोमवार सुबह फिर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तो वहां सीसीटीवी लगा था। फुटेज चेक करने पर पता चला कि एक व्यक्ति ने बच्चे को कंधे पर बैठाया हुआ है और वह उसे लेकर जा रहा है। थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह भट्टी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में जिस व्यक्ति ने बच्चे को उठाया हुआ है उसकी सिर्फ पीठ नजर आ रही है।