अकाली पार्षद की पिटाई से मैकेनेनिक आहत
बोला-इंसाफ न मिला तो परिवार समेत पुलिस अफसर की कोठी आगे करूंगा आत्मदाह
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। अकाली पार्षद, उसके लड़के, साथियों की मारपीट के शिकार हुए एक छात्र के मैकेनिक पिता ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर पुलिस पर आरोप लगाया कि उसके लड़के पर हमला करने वाले अकाली पार्षद रजिंदर सिंह सिद्धू, लड़के जस सिद्धू व उसके साथियों को पुलिस जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही। सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
मारपीट का शिकार हुए छात्र के पिता महावीर सिंह ने बताया कि 11 मई को उसके लड़के पर अकाली पार्षद और उसके लड़के जस सिद्धू ने अपने साथियों समेत तेजधार हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया था। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। उसने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद थाना थर्मल पुलिस ने अकाली पार्षद व उसके लड़के और छह अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था। लेकिन पुलिस जानबूझकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। पीड़ित छात्र के पिता ने चेतावनी दी कि अगर उसे इंसाफ न मिला तो वह परिवार समेत बठिंडा पुलिस के एक बडे़ अधिकारी की कोठी आगे आत्मदाह कर लेगा। उसने कहा कि अब आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिसके चलते उसका बेटा दहशत में है और अपनी पढ़ाई करने आईटीआई भी नहीं जा रहा।
इस संबंध में जब थाना थर्मल प्रभारी इंस्पेक्टर शिवचंद से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है और जो आरोप पुलिस पर लगाए जा रहे है वो बेेबुनियाद है।