दूसरा साथी फरार, 24 वारदातों को दे चुका है अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
एटीएम कार्ड बदल कर लोगों के खातों से पैसे निकालने वाले आरोपी को चौकी मुंडिया की पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी डाबा के कबीर नगर का रहने वाला रणबीर सिंह है। उसका दूसरा साथी मौका देखकर फरार हो गया। थाना जमालपुर की पुलिस ने रणबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पंचकूला के रहने वाले उदय प्रताप सिंह के रिश्तेदार अस्पताल में एडमिट हैं। 24 नवंबर शाम को उदय प्रताप ने दवा लेनी थी इसलिए वह पहले एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकालने चला गया। पहले से ही वहां रणबीर और उसका दूसरा साथी खड़े हुए थे। आरोपियों ने उसे बातों में लगाकर एटीएम कार्ड बदल लिया। जैसे ही पैसे निकालने लगे उसे पता चल गया। उसने शोर मचा कर दोनों को पकड़ लिया। जबतक पुलिस पहुंची एक आरोपी भाग निकला। पुलिस ने रणबीर को काबू कर लिया।
चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार ने बताया कि रणबीर सिंह से शुरूआती पूछताछ में सामने आया कि वह दो 24 से ज्यादा ऐसी वारदातें कर चुके हैं। उसका दूसरा साथी पहले भी पुलिस की पकड़ में आ चुका है। वह पहली बार पकड़ा गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पांच हजार रुपये और कुछ एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा गया है। उससे पूछताछ चल रही है।