जेब खर्च पूरा करने के लिए छात्र बने झपटमार
लुधियाना। जेब खर्च पूरा न होने के कारण निजी स्कूलों में पढ़ने वाले दो छात्रों ने राहगीरों से हथियारों के बल पर छीनाझपटी की वारदातों को अंजाम देना शुरु कर दिया। दोनों आरोपियों को थाना पीएयू की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को इलाके में नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
एसएचओ ब्रजमोहन ने बताया कि पुलिस आशापुरी चौक गश्त कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूट के मोबाइल बेचने जा रहे है। उसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 2 मोबाइल मिले, जो लोगों से लूटे गए थे। शुरूआती पूछताछ में पता चला कि एक युवक ने दसवीं के पेपर दिए थे, जिसमें उसकी कंपार्टमेंट आई थी। जबकि दूसरा युवक प्राइवेट तौर पर बारहवीं कर रहा था। दोनों को घर से जेब खर्च के लिए पैसे नहीं मिलते थे। इससे वह अपने शौक पूरे नहीं कर पाते थे। इसलिए उन्होने झपटमारी की वारदातें शुरू कर दी। लोगों से छीने मोबाइल वह बेच देते थे। उनसे आए पैसों से अपने शौक पूरे करते थे। दोनों आरोपियों ने पिछले एक महीने में आधा दर्जन से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट से आरोपियों का दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में और भी कई मामले खुलने की उम्मीद है।