दस हजार रुपये के लालच में दोस्त को मार डाला
जगराओं (लुधियाना)। मुल्लांपुर के गांव रकबा नजदीक बोरी में मिली मजदूर की लाश के मामले में जिला पुलिस ने 48 घंटे में गुथी को सुलझाने का दावा किया है। यह कत्ल मृतक के दोस्तों ने ही सिर्फ 10 हजार रुपये के लालच में किया था। पुलिस ने इस कत्ल में एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि बीती 29 जून को गांव जांगपुर नजदीक गांव रकबा में एक बोरी में लाश बरामद हुई थी। पुलिस कत्ल किए गए मृतक की पहचान कराने में लगी थी। पहली जुलाई को मृतक की पहचान नूरआलम निवासी पश्चमी बंगाल के रुप में हुई थी। मंगलवार को पुलिस जिला लुधियाना देहाती के एसएसपी सुरजीत सिंह ने बताया कि इस केस में दाखा के डीएसपी डसमीत सिंह व थाना मुख्य जसवीर सिंह की अगुवाई में विशेष टीम ने 48 घंटों में कत्ल की गुथी सुलझा कर आरोपी सुरवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि मृतक नूर आलम और अरोपी सुरवेश वतीसरा साथी छोटू गांव जांगपुर में पास पास किराए के मकान में रहते थे। बीती 29 जून को नूरआलम कुछ सामान बेच कर लुधियाना आया था। उस समय छोटू तथा सुरवेश भी उसके साथ थे। नूर आलम को सामान के बदले 10 हजार रुपये मिले। इस पर दोनो लालच में आ गए और कस्सी के मुट्ठे से नूर आलम का गला दबाकर कत्ल कर दिया। इसके बाद लाश को बोरी में भरकर फेंक दिया। डीएसपी ने बताया कत्ल के दूसरे आरोपी छोटू की तलाश जारी है।