पुलिस में शिकायत पर भड़के पड़ोसी ने जमींदार को गोली मारी
पुलिस की लापरवाही : शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए पहुंचा मुलाजिम बिना कार्रवाई लौट गया
थोड़ी देर बाद ही आरोपी ने की फायरिंग, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गांव नूरवाला में वीरवार सुबह एक युवक ने घर के बाहर अखबार पढ़ रहे जमींदार बलवीर सिंह (72) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां तो बलवीर को नहीं लगी, लेकिन चौथी गोली उसके जबड़े में लगी। इससे उसकी मौत हो गई। गोली चलाने वाले युवक जगदेव सिंह उर्फ डीसी के खिलाफ इलाके के लोगों ने बुधवार देर रात ही थाना मेहरबान में हवाई फायरिंग करने की शिकायत दी थी। वीरवार सुबह थाना मेहरबान से पुलिस मुलाजिम जांच के लिए पहुंचा, लेकिन कार्रवाई किए बिना ही लौट गया। उसके जाने के कुछ देर बाद ही जगदेव ने फायरिंग कर दी। लोगों ने मुलाजिम को फोन भी किया, लेकिन वह लौटने के बजाय थाने से ओर फोर्स लेने चला गया। इस दौरान आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद एडीसीपी 4 जसविंदर सिंह, एसीपी दविंदर चौधरी और थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जगदेव सिंह उर्फ डीसी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मृतक के चचेरे भाई दलजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने उनके भतीजे रुपिंदर को सर्वसम्मति से सरपंच चुना था लेकिन उनका पड़ोसी जगदेव सिंह उर्फ डीसी इस बात की रंजिश रखता था। इलाके में दहशत फैलाने और अपना दबदबा कायम रखने के लिए वह अक्सर अपनी पिस्तौल से हवाई फायर करता था। बुधवार रात को जगदेव सिंह ने अपनी छत पर जाकर हवाई फायर किए। वह और बलवीर अन्य गांव वालों के साथ थाना मेहरबान में रात को शिकायत देकर आए थे। वीरवार सुबह थाना मेहरबान से एक पुलिस मुलाजिम आरोपी के पास गया। दलजीत का आरोप है कि पुलिस कर्मी आरोपी के घर गया और कुछ समय बाद वापस जाने लगा। जब सभी ने आरोपी को न पकड़ने के बारे में पूछा तो मुलाजिम ने कहा कि उसे हथियार जमा करवाने के लिए कहा है, वह दोपहर को थाने आएगा। पुलिस मुलाजिम अभी गली भी पार नहीं हुआ कि जगदेव सिंह बाहर निकला और अखबार पढ़ रहे बलवीर पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली उसके जबड़े में लगी। बलवीर का भतीजा बाहर आया और चाचा को खून से लथपथ देख उसने मुलाजिम को फोन किया, लेकिन मुलाजिम वापस आने के बजाय पहले थाने गया और पुलिस लेकर आया। इसी बीच आरोपी फरार हो गया। घायल बलवीर को परिजन डीएमसी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में बना रखी थी एक पुरानी दीवार, पत्नी के साथ हथियार चलाता
विकास मल्होत्रा
लुधियाना। अपना दबदबा कायम करने और इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवा में गोलियां चलाने वाला जगदेव हथियारों का काफी शौक रखता था। उसके अपने पास एक लाइसेंसी पिस्तौल तो थी ही इसके अलावा उसने अपने घर पर कुछ नाजायज हथियार भी रखे थे। उसके बार बार हवा में गोलियां चलाने की आदत से लोग काफी परेशान थे। पुलिस के पास भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बलवीर के भाई दलजीत सिंह और सरपंच रुपिंदर सिंह ने बताया कि जगदेव सिंह आपराधिक किस्म का व्यक्ति था। वह नशा भी करता था। उसके पास लाइसेंसी पिस्तौल के साथ साथ कुछ नाजायज हथियार भी थे। बलवीर के भतीजे को सर्वसम्मति से सरपंच बनाने से वह खुश नहीं था और उनके परिवार से रंजिश रखता था। ग्रामीणों का कहना है कि जगदेव की पत्नी भी हथियार रखने और चलाने की शौकीन थी। आरोपी ने अपने घर में एक दीवार बना रखी थी। वह और उसकी पत्नी अक्सर उसी दीवार पर निशाने लगाते थे। आरोपी की पत्नी ने हवाई फायर करते हुए अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस भी डाला था। गांव के लोगों का कहना है कि जिस हथियार से आरोपी ने गोलियां चलाई थी, वह तो अपने साथ लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी के घर से पुलिस को अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। इसके अलावा कई कारतूस भी मिले हैं।
एसीपी पूर्वी दविंदर चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मुलाजिम की इस केस में क्या भूमिका है, वह इसकी जांच करवाएंगे। अगर किसी की लापरवाही सामने आई तो उस पर भी कार्रवाई होगी।