महिला ने लगाए प्लाट पर कब्जा करने के आरोप
बोली-पुलिस को दी है शिकायत, लेकिन पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
पुलिस का कहना मामले की जांच करने में जुटे है
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। आरती चौक के पास रहने वाली डॉ. सतनाम सिंह की पत्नी ने घर के पास ही उनके प्लाट पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि कुछ लोग उनके प्लाट पर सुबह से निर्माण कार्य करा रहे हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से इस मामले में जांच कर इंसाफ की मांग की है।
परमिंदर कौर ने बताया कि उनके पति डॉ. सतनाम सिंह की 2016 में मौत हो गई थी। उन्होंने घर के पास एक प्लाट खरीदा था। जहां पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। 2008 से उस प्लाट का कोर्ट में केस चल रहा है। जुलाई में उनके आखिरी बयान होने हैं। लगभग केस उनके हक में है। जिसका दूसरी पार्टी को पता है। परमिंदर कौर ने आरोप लगाया कि शनिवार की सुबह कुछ लोग प्लाट पर आए और उन्होंने प्लाट के बाहर सामान गिरवाकर चहारदीवारी बनानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद उन्हें पता चला तो उन्होंने तुरंत अपने वकील से बात की। जिसके बाद इसकी शिकायत चौकी घुमारमंडी पुलिस को दी गई। परमिंदर कौर ने आरोप लगाया कि जब चौकी घुमारमंडी की पुलिस नहीं आई तो वह थाना डिविजन आठ में पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन देर शाम तक भी पुलिस वहां नहीं पहुंची और न ही निर्माण कार्य रुकवाया। चौकी घुमारमंडी और थाना डिविजन आठ की पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल को ऑन लाइन शिकायत लिख कर भेजी है और इंसाफ की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह एक विधवा महिला है, लेकिन पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही। थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि उनके पास शिकायत आई है। मामला अदालत में विचाराधीन है। वह मामले की जांच कर रहे है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।