राहगीरों से लूटते थे मोबाइल, छह गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने किए 27 मोबाइल फोन किए बरामद
जमालपुर, साहनेवाल और वर्धमान इलाके में कर रहे थे वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
राहगीरों को रोककर हथियारों के बल पर लूटने वाले छह आरोपियों को थाना जमालपुर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को वीरवार की सुबह साईं एन्क्लेव में नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 27 मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुंडियां खुर्द स्थित मोगा कालोनी के रहने वाले अमरीक मिश्रा, 33 फुटा रोड राम नगर के रहने वाले सूरज कुमार, मोती नगर के रहने वाले सत्या, मुंडियां कलां के रहने वाले मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना, मुंडियां कलां के रहने वाले अरुण कुमार कांचा और सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी 4 राजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी तो पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में लूटपाट करते है। सूचना मिलने के बाद साईं एन्क्लेव के पास पुलिस ने तीन बाइक पर सवार छह आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को काबू कर कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 27 मोबाइल बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह साहनेवाल, जमालपुर, थाना डिविजन सात और जमालपुर के इलाके में राहगीरों से हथियारों के बल पर मोबाइल और अन्य सामान लूटते थे। पुलिस के मुताबिक वह काफी समय से वारदात कर रहे थे। पुलिस को काफी समय से आरोपियों की तलाश थी। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाते थे। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कई वारदातें हल हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमरीक मिश्रा के खिलाफ पहले भी थाना जमालपुर में मामले दर्ज हैं।