बेकाबू कैंटर दुकान में घुसा, छह घायल
रास्ते में खड़े दोपहिया वाहनों को रौंदा
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। कस्बा छाजली के बस स्टैंड पर उस समय भगदड़ मच गई जब एक बेकाबू कैंटर दो दुकानों में घुस गया। हादसे मं छह व्यक्ति घायल हो गए। बेकाबू कैंटर रास्ते में खड़े कई दो पहिया वाहनों को रौंदते हुए दुकान में घुस गया। घायलों को सिविल अस्पताल संगरूर में भर्ती कराया गया।
छाजली कस्बे में बस स्टैंड के समीप सुनाम से लहरा की तरफ जा रहा एक कैंटर अचानक बेकाबू होकर चाय और किंग टेलीकाम में घुस गया। इससे चाय दुकान का मालिक सुरिंदर कुमार, टेलीकाम दुकान का मालिक सुरिंदर सिंह, उसका पुत्र सतविंदर सिंह,ग्राहक लवप्रीत सिंह लवली घायल हो गए। हादसे में कैंटर चालक विक्रम कुमार और कंडक्टर सतपाल सिंह निवासी हिसार को भी काफी चोटें आईं। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने कंडक्टर सतपाल सिंह को पटियाला के लिए रेफर कर दिया। थाना छाजली के प्रभारी दीपइंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने चालक पर लापरवाही से कैंटर चलाने का मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।