सीआईए टू की पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
दिल्ली के नाईजीरियन से लाकर करते थे हेरोइन की सप्लाई
आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद, दोनों पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दिल्ली के नाईजीरियन से हेरोइन की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को सीआईए टू की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 में नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने इस मामले में थाना डिविजन सात में ताजपुर रोड स्थित विश्वकर्मा नगर निवासी बंटी अरोड़ा और हरि करतार कालोनी निवासी गुरमत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एएसआई महिंदर पाल ने बताया कि पुलिस पार्टी ने सेक्टर 32 में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां बाइक पर सवार होकर गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी को देख कर आरोपी पीछे मुड़ गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके पास कोई काम धंधा नहीं था तो उन्होंने हेरोइन तस्करी की तस्करी शुरू कर दी। आरोपी दिल्ली के नाईजीरियन से हेरोइन की खेप लाकर महानगर के अलग अलग लोगों को सप्लाई कर रहे थे।