लुधियाना में दीपक सिनेमा के पास साइड पर खड़ी गाड़ी का तेल लीक हो रहा है कह एक युवक ने गाड़ी से ढाई लाख रुपये की नकदी से भरा बैग उड़ा लिया। गाड़ी गत्ता व्यापारी प्रिंस बतरा की थी। जब तक गाड़ी मालिक को बैग चोरी होने का पता चला तब तक आरोपी फरार हो चुका था। गाड़ी मालिक ने आरोपी को इधर उधर देखा, लेकिन वह नहीं मिला। उसने इसकी जानकारी थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी।
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाई रणधीर सिंह नगर में रहने वाले प्रिंस ने कहा कि वह अक्सर दीपक सिनेमा के पास की मार्केट में आते जाते थे। पिछले करीब एक सप्ताह से वह अपने भाई किरत के साथ गाड़ी में आते थे और गाड़ी को दीपक सिनेमा के पास खड़ी कर खुद पेमेंट का लेन देन करने के लिए चले जाते थे। बुधवार को भी वह पेमेंट का लेन देन करने के लिए वहां आए थे, लेकिन उनका भाई किसी कारण नहीं आ सका था।
वह अपने साथ लेबर के एक व्यक्ति को लेकर आ गए। वह पेमेंट का लेन देन करने के लिए गए हुए थे तो लेबर वाला गाड़ी में बैठा था। इसी दौरान गाड़ी का तेल लीक हुआ तो किसी ने उसके मजदूर को बताया कि गाड़ी का तेल लीक हो रहा है। उसने प्रिंस को इस बारे में बता दिया। प्रिंस ने गाड़ी का बोनट खोला तो मजदूर भी बाहर आ गया। जब वह गाड़ी चेक कर रहे थे तो युवक ने उनका बैग पार कर दिया। जब तक उन्हें कुछ पता चलता युवक वहां से गायब हो गया।
जब उनकी नजर बैग पर पड़ी तो गायब था। प्रिंस के अनुसार बैग में करीब ढाई लाख रुपये की नकदी थी। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि अभी उनके पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।