चार लुटेरे गिरफ्तार, एक फरार
पेट्रोल पंप को थी लूटने की योजना बनाते समये पुलिस ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे लुटेरा गिरोह के चार बदमाशों को थाना सदर के अधीन आती चौकी ललतों कलां की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने आठ मोबाइल फोन, लूटी हुई तीन एक्टिवा, दो मोटरसाइकिल, .22 की पिस्तौल और तेजधार हथियार बरामद किए है।
पुलिस ने इस मामले में न्यू शिमलापुरी मनिंदर सिंह उर्फ मनी (24), कमलजीत सिंह उर्फ खिलारा, जालंधर के गांव खांबरा निवासी राहुल व प्रतीक उर्फ जामन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस नेचारों आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी की तलाश में जुटी है। एडीसीपी 2 जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि पुलिस पार्टी ने पक्खोवाल रोड स्थित ओमैक्स फ्लैट्स के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पेट्रोल पंप को लूटनेकी योजना बना रहे है। सूचना मिलने के बाद पुलिस पार्टी ने आरोपियों को घेर लिया। चार आरोपियों को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और अब बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपी राहुल के खिलाफ पहले भी थाना फोकल प्वाइंट में लूट का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी का पता लगाने में जुटी है।