टेलर के घर लूट करने वाले सीसीटीवी में कैद
पहचान में जुटी पुलिस पीड़ित के रिश्तेदारों से भी करेगी पूछताछ
जल्द ही आरोपियों को कर लिया जाएगा गिरफ्तार: एडीसीपी लांबा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिमलापुरी इलाके में रहने वाले टेलर जगन्नाथ के घर मिठाई का डिब्बा देने के बहाने घुस कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरा गिरोह के तीनों सदस्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए है। पुलिस अब उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी सुरिंदर लांबा ने बताया जगन्नाथ के बेटे प्रिंस ने अपने कुछ रिश्तेदारों पर भी शक जाहिर किया था। पुलिस प्रिंस के आरोप पर उनके रिश्तेदारों को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। उन्होंने बताया पहले पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये ही आरोपियों की पहचान करने की कोशिश में है। आरोपियों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है।
एडीसीपी ने बताया वारदात को अंजाम देने वाले काफी नजदीकी हैं, जिन्हें पता था कि पैसे कहां और कितने रखे है। लुटेरे वारदात को अंजाम देने के लिए सीधे जगन्नाथ की मां के कमरे में गए और बैग उठाकर फरार हो गए। लुटेरों ने घर में किसी चीज को नहीं छेड़ा है। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुके है। उनकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि माडल टाऊन स्थित एक शोरूम में दर्जी काम काम करने वाले जगन्नाथ शुक्रवार को अपनी मां और पत्नी के साथ घर पर थे। इसी दौरान तीन युवक आए और उन्होंने खुद को प्रिंस का दोस्त बताते हुए अपने घर बेटा पैदा होने की खुशी में मिठाई देने आने की बात कही। इस पर जगन्नाथ तीनों को घर के अंदर ले गए। इसके बाद तीनों ने घर में मौजूद सभी सदस्यों को तेजधार हथियार के बल पर बंधक बनाया और कमरे में बेड के नीचे रखा छह लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।