फैक्टरी के सारे रिकॉर्ड पता लगाने में जुटी पुलिस
प्लास्टिक फैक्टरी ब्लास्ट मामला : आरोपी दो दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
प्लास्टिक फैक्टरी ब्लास्ट में गिरफ्तार फैक्टरी मालिक इंद्रजीत सिंह गोला को थाना डिविजन दो की पुलिस ने शुक्रवार दोबारा अदालत में पेश किया। उसे वहां से दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपी गोला से फैक्टरी के सारे रिकॉर्ड के बारे में पता लगाने में जुटी हुई है।
गोला प्लास्टिक फैक्टरी में सोमवार को आग लग गई थी। देेखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। इस दौरान वहां केमिकल के ब्लास्ट होने के बाद पांच मंजिला पूरी इमारत मिट्टी के ढेर में तब्दील हो गई। हादसे में फायर कर्मचारियों समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान दो लोग घायल हो गए थे और तीन अभी भी लापता है। पुलिस ने इस हादसे के बाद फैक्टरी मालिक इंद्रजीत सिंह गोला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया था और आरोपी को उसके घर सेे गिरफ्तार किया था। शुक्रवार आरोपी को दोबारा पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। थाना डिविजन दो के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरबिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी गोला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि फैक्टरी का रिकार्ड के बारे में कुछ पता लग सके।