युवक ने निगला जहरीला पदार्थ
फाइनेंसर की धमकी पर जहर खाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
इस्लामगंज इलाके में रहने वाले एक युवक ने पैसों के लेन देन के चक्कर में शुक्रवार को इलाके में ही स्थित एक पार्क में जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसके छोटे भाई ने ट्यूशन जाते समय उसे पार्क में गिरे पड़े देख लिया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन ने उसे सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया।
युवक की पहचान इस्लामगंज के रहने वाले सरबजीत सिंह (25) के रुप में हुई है। घटना की जानकारी थाना डिविजन दो की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। भाई केसर ने कहा कि सरबजीत सिंह ड्राइवर की नौकरी करता है। उसने इलाके में एक व्यक्ति से करीब एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। काफी समय से वह ब्याज दे रहा है। उसका काम ठप हो गया तो उसने दुकान का सामान और स्कूटरी बेच कर फाइनेंसर को पैसे दे दिए, लेकिन वह फिर भी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। उसे लगातार धमकियां मिल रही थी। उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह उसे ब्याज दे।
उसके भाई के पास कुछ बचा ही नहीं था। फाइनांसर की धमकियों से वह काफी परेशान था। शुक्रवार को वह इलाके में ही स्थित एक पार्क में गया और वहां पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। छोटा भाई सिमरन सिंह वहां से ट्यूशन जाने के लिए गुजर रहा था तो उसे बेहोश देख उसने परिवार को सूचित किया। थाना डिविजन दो के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस के पास शिकायत आ गई है। पीड़ित के बयान लेने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।