वाहन चोर गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
थाना कोतवाली की पुलिस ने किया गिरफ्तार, कई वाहन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पलक झपकते ही वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को थाना कोतवाली की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को घंटाघर के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार दबोच लिया गया। उनके कब्जे से चोरी की बाइक और एक स्कूटर बरामद किया है। मामले में थाना कोतवाली की पुलिस ने हैबोवाल निवासी शरणदीप सिंह और खजूर चौक निवासी मनप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने घंटाघर के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वाहन चोरी करने के आदी हैं और चोरी के वाहन लेकर घंटाघर की तरफ आ रहे हैं। दोनों आरोपी चोरी के वाहन बेचने की फिराक में है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों से वाहनों के कागजात मांगे गए लेकिन आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सके। जब पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपियों ने वाहन चोरी किए हैं और वह बेचने जा रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि वाहन कहां से चोरी किए थे। साथ ही किन लोगों को बेचने जा रहे थे।