सिलिंडर से ऑटो में भरता था गैस, काबू
आरोपी के कब्जे से पीवीसी पाइप और गैस सिलेंडर बरामद
आरोपी महंगे भाव में बेचता था गैस, पूछताछ में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। घरेलू गैस सिलेंडरों में से गैस निकाल कर छोटे सिलिंडरों के साथ साथ एलपीजी ऑटो में गैस भरने वाले एक आरोपी को थाना शिमलापुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पीवीसी पाइप के जरिए घरेलू गैस सिलिंडर से गैस निकाल कर ऑटो में भरता था और लोगों की जान को खतरे में डालता था।
गुप्त सूचना के आधार पर थाना शिमलापुरी की पुलिस ने लोहारा कालोनी के रहने वाले सतनाम सिंह के घर छापामारी कर उसके कब्जे से एक गैस सिलिंडर के साथ साथ पीवीसी पाइप और कंडा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
शिकायत के मुताबिक पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी एलपीजी के घरेलू गैस सिलिंडरों में से पीवीसी पाइप के जरिये गैस निकाल कर ऑटो में भरता है। ऐसा कर आरोपी लोगों की जान को खतरे में डाल रहा है। पुलिस ने आरोपी के घर छापामारी की। पुलिस ने आरोपी के घर से सिलिंडर के साथ साथ पीवीसी पाइप बरामद की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि वह सिलिंडर कहां से कितने में लेता था। पुलिस आरोपी को सिलिंडर देने में गैस एजेंसी के किसी कारिंदे की मिलीभगत की भी छानबीन कर रही है।