जेल में बंद गैंगस्टर कांचा के दो गुर्गे गिरफ्तार
कांचा के इशारे पर देना था बड़ी वारदात को अंजाम, दो पिस्तौल बरामद
एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर हुआ फरार, तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गैंगस्टर जेल से भी अपना गिरोह चला रहे है। वह अपने गुर्गों को रोजाना कोई न कोई नया संदेश देते है। इसके बाद उनके गुर्गे वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे है। ऐसे ही दो आरोपियों को थाना सदर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर कांचा के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों को गांव फुल्लावाल के पास स्थित फुल्लावाल इंक्लेव के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर उनसे 32 बोर की दो पिस्तौल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी धक्का कालोनी निवासी जतिन कुमार और न्यू शिमलापुरी स्थित बीएसएनएल टावर कालोनी निवासी सूरज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी राहुल का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों को रविवार अदालत में पेश करेगी।
एडीसीपी 2 सुरिंदर लांबा ने बताया कि थाना सदर की पुलिस ने इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने बाइक रोकने की बजाए मोड़ कर भगा ली। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर आरोपियों का बाइक बंद हो गया। आरोपी राहुल फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 बोर की दो पिस्तौल बरामद की गई। एक पिस्तौल पर यूएसए और दूसरी पर आर्मी 32एमएम लिखा हुआ है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि राहुल और सूरज लूटपाट और हत्या के प्रयास मामलों में जेल में बंद गैंगस्टर सोनू कांचा के साथी है। सोनू कांचा जेल के अंदर से ही राहुल को फोन पर वारदात करने के लिए कह रहा था। राहुल ने अपने साथ सूरज और जतिन कुमार को भी मिला लिया। इसके बाद राहुल ने दो पिस्तौल का इंतजाम किया और दोनों को पकड़ा दी।
फरार आरोपी राहुल की गिरफ्तारी पर खुलेगा सारा राज
एडीसीपी 2 सुरिंदर लांबा ने बताया कि राहुल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। आरोपी राहुल की ही जेल के अंदर से कांचा के साथ बात होती थी। उसी के आदेश पर सारा काम चल रहा है। वह किस व्यक्ति से पिस्तौल लाया था और उसने कहां पर कैसी वारदात को अंजाम देना था, यह सब राहुल जानता था। राहुल के गिरफ्तार होने के बाद ही सारा राज खुल कर सामने आएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर राहुल का पता लगाया जा रहा है।