बस से कुचलकर दो सगी बहनों की मौत
चालक ने बस अड्डे में ले जाने की बजाए बाहर से ही मोड़ दी, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा (लुधियाना)।
रायकोट के बस स्टैंड के बाहर बस ने बुजुर्ग दो सगी बहनों को कुचल दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक ने बस अड्डे में ले जाने की बजाए बाहर से ही मोड़ दी। हादसे के बाद आरोपी बस छोड़ कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान जगरांव के गांव रानी वाला खुह निवासी मंजीत कौर और कर्मजीत कौर के रुप में हुई है। थाना सिटी रायकोट पुलिस ने मंजीत कौर के बेटे सोहन सिंह की शिकायत पर बस चालक रंजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। उधर, पुलिस ने दोनों बुजुर्ग महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है।
दोनों बुजुर्ग बहने रायकोट में अपनी बेटी से मिलने के लिए गई थीं। दोनों रायकोट बस स्टैंड के बाहर खड़ी थीं। इस दौरान बरनाला से रायकोट आ रही बस के चालक ने वाहन अड्डे के अंदर ले जाने की बजाए बाहर से ही तेजी से मोड़ दी। इससे दोनों बुजुर्ग बहने बस के नीचे आ गई। दोनों की मौके पर पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच मौका पाकर बस चालक फरार होने में कामयाब हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही इलाके के विधायक जगतार सिंह जग्गा हिस्सोवाल वहां पहुंच गए। लोगों ने उन्हें बस स्टैंड के पास आने वाली सारी समस्याओं से अवगत कराया।उन्होंने हल करने का आश्वासन दिया। सूचना मिलने के बाद एएसआई तरसम लाल भी मौके पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।