कैदी को रिहा कराने के नाम पर 40 लाख ठगे
पुलिस ने ठगी का शिकार हुई महिला की शिकायत पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। हरियाणा के जिला सिरसा निवासी एक व्यक्ति जो कि किसी आपराधिक केस के तहत जेल में बंद है, उसे रिहा कराने के नाम पर बठिंडा निवासी निर्मल सिंह ने कैदी की पत्नी के साथ 40 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मामला सामने आने पर पीड़ित महिला गुरविंदर कौर निवासी सिरसा की शिकायत पर आरोपी निर्मल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना कोतवाली के सहायक थानेदार कर्म सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला का पति पिछले कुछ समय से बठिंडा जेेल में एक आपराधिक केस के तहत सजा भुगत रहा है। महिला की जान पहचान निर्मल सिंह के साथ थी। जिस ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उसके पति को अदालत के जरिये जेल से रिहा करा देंगे। जिसकी एवज में आरोपी ने महिला से बीस लाख रुपये नकद और बीस लाख रुपये के चेक से लिए। थानेदार ने बताया कि जब महिला का पति जेल से रिहा नहीं हुआ तो उसने आरोपी से अपने पैसे व चेक वापस मांगे। लेकिन आरोपी ने कुछ भी वापस नहीं किया। थानेदार ने बताया कि पुलिस ने महिला के बयान पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।