सहेली और उसके पुरुष मित्र के साथ मिल सास को मार डाला
हत्या के बाद बहू ने दोनों को भगा खुद ही मचा दिया शोर
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कर लिया गिरफ्तार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सास की रोक टोक से परेशान टिब्बा रोड के कंपनी बाग इलाके में एक महिला ने अपनी सहेली और उसके पुरुष मित्र से अपनी ही सास की हत्या करा दी। हत्या के बाद आरोपी महिला ने दोनों को भगा दिया और कुछ समय बाद शोर मचा दिया कि उसकी सास को कोई मार कर चला गया।
महिला के चीखने की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोग जब आए तो उन्होंने देखा कि घायल सुरजीत कौर (65) की सांस चल रही है। वह सुरजीत कौर को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से सुरजीत को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना टिब्बा के इंचार्ज इंस्पेक्टर दिलीप बेदी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने सुरजीत कौर की बहू ज्योति, उसकी सहेली बरखा और उसके आशिक राजवीर सिंह उर्फ राजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना टिब्बा के इंचार्ज ने बताया कि सुरजीत कौर का बेटा बलजीत सिंह ड्राइवर है। वह मां, पत्नी और तीन बच्चों के साथ टिब्बा रोड स्थित कंपनी बाग में रहता है। बलजीत के काम पर जाने के बाद ज्योति की सहेली और उसका पुरुष मित्र अक्सर घर आ जाते थे। उनके चाल चलन को देख कर सुरजीत कौर अपनी बहू को समझाती थी। इससे ज्योति की अपनी सास से बनती नहीं थी। सास की टोकाटाकी से परेशान होकर ज्योति ने अपनी सहेली बरखा से बात की। बरखा ने अपने मित्र राजू को बताया। इस पर तीनों ने सुरजीत की हत्या की साजिश रच डाली। रोजाना की तरह सोमवार को सुरजीत कौर का बेटा बलजीत अपने काम और बच्चे स्कूल चले गए। घर में ज्योति और सुरजीत कौर अकेली थी।
ज्योति ने अपनी सहेली बरखा और उसके मित्र राजू को घर बुलाया। दोनो ने सुरजीत कौर को बुरी तरह से घायल कर दिया। तीनों ने उसे मृत समझ लिया। इसके बाद ज्योति ने बरखा और राजू को वहां से भगा दिया। कुछ समय बाद खुद शोर मचा दिया कि उसकी सास सुरजीत कौर को कोई मार कर चला गया है। जब लोग इकट्ठा हुए तो सुरजीत के सांस चल रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहांसे पीजीआई जाते समय रास्ते में सुरजीत मौत हो गई। इंस्पेक्टर बेदी ने बताया कि ज्योति के काफी डरी होने के कारण पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस ने आरोपी ज्योति से पूछताछ की तो उसने सारी कहानी बताई। उन्होंने बताया तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें बुधवार अदालत में पेश किया जाएगा।