गांव बुर्ज महमा निवासी कार सवार युवक पर मंगलवार को कुछ युवकों ने गोली चला दी। इससे गुरमीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थर्मल पुलिस ने घायल को एक समाजसेवी संस्था की सहायता से सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से उसे प्राइवेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना थर्मल पुलिस प्रभारी शिव चंद ने बताया कि डेढ़ साल पहले गुरमीत सिंह का बल्ला राम नगर निवासी तीन युवकों काली, काकू और रोहित के साथ हुआ था। इससे वह उससे रंजिश रखने लगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब गुरमीत सिंह अपनी कार से बठिंडा आ रहा था तो तीन बाइक पर साथियाें के साथ आए तीनों आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दो गोलियां गुरमीत सिंह पर चलाई जिस में से एक गोली गुरमीत सिंह के पेट के नीचे लगी और दूसरी उसकी कार में। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस घायल युवक के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी ।